नई दिल्ली/टीम डिजिटल। ट्राइ के आदेश के बाद आज से जियो का समर सरप्राइज ऑफर आज से बंद हो गया है। लेकिन आपको इससे निराश होने की जरूरत नहीं है इसके बदले अब जियो अपने ग्राहकों के लिए एक और शानदार ऑफर लाने की तैयारी में है।
जी हां, जियो की वेबसाइट और माय जियो ऐप पर लगातार ये संदेश फ्लैश हो रहा है 'हम अपने टैरिफ प्लान को अपडेट कर रहे हैं, जल्द ही आपके लिए एक और बेहतर ऑफर लेकर आएंगे। इसके बाद से ही अनुमान लगाए जा रहे हैं कि एक बार फिर जियो अपने प्लान से टेलीकॉम इंडस्ट्री में बड़ा धमाका कर सकता है।
समर प्लान पर लग गया था ग्रहण
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस जियो से अपनी 303 रुपये के न्यूनतम भुगतान के जरिये असीमित डाटा इस्तेमाल और मुफ्त कॉल की ‘प्रोत्साहन पेशकश’ को वापस लेने का निर्देश दिया है।
कुछ दिन पहले ही जियो ने कहा था कि उसके पास अब भुगतान करने वाले 7.2 करोड़ उपभोक्ता हो गए हैं। साथ ही कंपनी ने एकबारगी 99 रुपये का भुगतान कर अपने सदस्यता कार्यक्रम प्राइम को 15 दिन बढ़ाकर 15 अप्रैल करने की घोषणा की थी।
रिलायंस जियो ने कहा है कि वह ट्राई के फैसले को स्वीकार करती है और नियामक की सलाह के पूर्ण अनुपालन की प्रक्रिया में है। इससे पहले ट्राई को जियो की मुफ्त डाटा और वॉयस सेवा की प्रोत्साहन पेशकश को विस्तार देने में कुछ गलत नहीं मिला था। इसके जरिये जियो 10 करोड़ ग्राहक बनाने में कामयाब रही थी। इनमें से 7.2 करोड़ ग्राहकों ने पेड सेवाओं का विकल्प चुना है।
जियो बाजार को बिगाडऩे वाली पेशकश और सेवाओं के लिए जानी जाती है। कंपनी ने कहा कि वह अगले कुछ दिन में परिचालन की दृष्टि से व्यावहारिक होने के बाद अपनी प्रोत्साहन पेशकश जियो समर सरप्राइज को वापस ले लेगी। कंपनी ने बयान में कहा कि जिन ग्राहकों ने जियो समर सरप्राइज पेशकश को उसके बंद किए जाने से पहले यह सेवा ली है वे इसके पात्र रहेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें